हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग की फायरिंग की साजिश नाकाम:महिला समेत दो गिरफ्तार, लोडेड पुलिस कार्बाइन समेत कई हथियार बरामद

हजारीबाग पुलिस ने एक बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया है। पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग की फायरिंग की साजिश को नाकाम करते हुए गिरोह के दो सदस्यों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। यह साजिश उरीमारी थाना क्षेत्र के कोलियरी इलाके में रंगदारी न मिलने पर दहशत फैलाने के लिए रची गई थी। बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि 18 जनवरी को उरीमारी थाना क्षेत्र के कोलियरी इलाके में राहुल दुबे और उसके सहयोगी आशीष साव के निर्देश पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना थी। कोलियरी प्रबंधन द्वारा रंगदारी की रकम नहीं देने के कारण अपराधियों ने इस घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी। शाम होने का इंतजार करने के लिए वे जंगल की ओर चले गए योजना के तहत गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे और कोलियरी क्षेत्र की रेकी की। शाम होने का इंतजार करने के लिए वे जंगल की ओर चले गए। इसी बीच, एसपी अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि उरीमारी ओपी क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसआईटी टीम का गठन किया गया और एंटी क्राइम चेकिंग व छापामारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान रिलैक्स होटल के पास से गिरोह के सक्रिय सदस्य राजदीप साव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक लोडेड पुलिस कार्बाइन, तीन जिंदा गोली, एक लोडेड देशी पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद की गईं। कड़ाई से पूछताछ में राजदीप साव ने बताया कि गिरोह की एक महिला सदस्य केरेडारी थाना क्षेत्र के हेंदेगीर गांव में हथियार छुपाकर रखे हुए है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेंदेगीर गांव में छापामारी की। पुलिस को देखकर एक युवती भागने लगी, जिसे महिला चौकीदार ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुनिका कुमारी बताया। उसके घर की तलाशी के दौरान अलमारी से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, एके-47 राइफल के पांच मैगजीन और एसएलआर राइफल के पांच मैगजीन बरामद किए गए। इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 09/26 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी राजदीप साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *