मऊगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक पुलिया से नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों और डायल 112 पुलिस की तत्परता से युवक की जान बचाई जा सकी। घटना शुक्रवार दोपहर की है। अनियंत्रित बाइक कई फीट नीचे खाई में जा गिरी यह घटना ग्राम लटियार के पास हुई, जहां अनियंत्रित बाइक कई फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मऊगंज पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को खाई से बाहर निकाला गया। उसे प्राथमिक इलाज के लिए तुरंत मऊगंज अस्पताल भेजा गया। दुधमनिया की ओर जा रहा था बाइक राइडर स्थानीय निवासी मदन मोहन गोस्वामी ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण लटियार गांव के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बाइक पुलिया से नीचे खाई में जा गिरी। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर मदद न मिलने पर स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घायल युवक की पहचान कन्हैयाबांध निवासी संगम सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अटरिया गांव से दुधमनिया की ओर जा रहा था। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक मोड़ को हादसे का कारण माना जा रहा है।


