बुरहानपुर के नेपानगर में वन विभाग की टीम ने गुरुवार रात इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर एक वाहन से चार क्विंटल गोंद बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया। कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। जब्त किया गया वाहन ‘छोटा हाथी’ (टाटा ऐस) था, जिस पर गैस एजेंसी लिखा हुआ था। इसका उपयोग अवैध रूप से गोंद की तस्करी के लिए किया जा रहा था, जबकि आमतौर पर ऐसे वाहनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति होती है। वन विभाग के अनुसार, गुरुवार रात लगभग 1:40 बजे वन ग्राम हसनपुरा के नजदीक इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर घेराबंदी की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय गुप्ता (ट्रेनी आईएफएस) के नेतृत्व में नेपानगर वन स्टाफ ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सलाई गोंद से भरे प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनका कुल वजन लगभग चार क्विंटल था। वाहन चालक के पास गोंद के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। वन विभाग ने मौके से गोंद को विधिवत जब्त कर लिया। इस मामले में बुरहानपुर निवासी जीशान पिता गजमफर और नसीमुद्दीन पिता नइमुद्दीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वाहन क्रमांक MH04 GF 0781 भी जब्त कर लिया गया है। जब्त किए गए गोंद की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपए बताई जा रही है।


