सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रामपुर जोगी पहाड़ी के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, आमगांव (कुसमी) के रहने वाले दो युवक बाइक पर सवार होकर मड़वास से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही वे रामपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। एक की मौके पर मौत, दूसरा जिला अस्पताल रेफर हादसे में 30 साल के राजकुमार सिंह गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे 36 वर्षीय अजय केवट बुरी तरह घायल हो गए। अजय के चेहरे पर गहरे जख्म आए हैं और उनके हाथ की हड्डी भी टूट गई है। मड़वास पुलिस ने घायल को तुरंत मझौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में सीधी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच मड़वास पुलिस ने मृतक राजकुमार के शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और उनके परिवार को हादसे की जानकारी दे दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रात होने की वजह से शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा बाइक की तेज रफ्तार की वजह से हुआ या कोई और कारण था।


