2लाख 20 हजार की 10 ग्राम एमडी के साथ पकड़ाया:हरदा में ग्राहक का इंतजार करते आरोपी गिरफ्तार; कार, फोन जब्त

हरदा जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहर के इंदौर रोड पर एक निजी कॉलेज के भैरव बाबा मंदिर के पास की गई। आरोपी के कब्जे से लगभग 10 ग्राम एमडी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। सिविल लाइन थाना टीआई आरएस तिवारी ने बताया कि गुरुवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, एक युवक रात के अंधेरे में भैरव बाबा मंदिर के पास खड़ा था और एमडी बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलने के बाद एएसआई संजय ठाकुर, प्रधान आरक्षक करण साहू और आरक्षक वीरेंद्र राजपूत की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम झालवा निवासी हेमंत सेन नामक आरोपी से पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 ग्राम एमडी के अलावा एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह एमडी बेचने के लिए हरदा आया था और उसने यह ड्रग्स हंडिया के पास के एक गांव से खरीदी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी एमडी कहां से लाया था और वह कब से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। आरोपी हेमंत सेन को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *