‘बापू के विचारों को खत्म करने का षडयंत्र हो रहा’:जयवर्धन ने महंगाई पर भी साधा निशाना; गांधी पुण्यतिथि पर आरोन में श्रद्धांजलि सभा

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुना जिले के आरोन नगर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित बापू पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया। उन्होंने वर्तमान राजनैतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर प्रहार करते हुए जनता को सावधान रहने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि आज महात्मा गांधी की सोच को समझना इसलिए आवश्यक है क्योंकि कुछ शक्तियां देश में बापू के विचारों को खत्म करने का षड्यंत्र रच रही हैं। वहीं लोग अब सनातन परिवार के मुखिया शंकराचार्य के अधिकारों पर भी कुठाराघात कर रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज के माघ मेले की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आदि शंकराचार्य ने देश के चारों कोनों में पीठ स्थापित किए थे, लेकिन इतिहास में पहली बार हुआ है कि शंकराचार्य महाराज को ही दर्शन करने से रोका गया। जो लोग गांधी की सोच के खिलाफ हैं, वही अब शंकराचार्य महाराज और हमारे संविधान की ताकत को कम करने में जुटे हैं। ‘प्रदेश सरकार पर 4 लाख करोड़ का कर्ज’
विधायक ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की पहल पर ही बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष बनाया गया था। आज आरोन में नगर परिषद और जनपद पंचायत की अध्यक्ष महिलाएं हैं, यह बाबा साहब और नेहरू जी द्वारा निर्मित संविधान की ही देन है, जिसने हर वर्ग को अधिकार दिए हैं। महंगाई और कृषि संकट की बात करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासनकाल में 3-4 बोरी सोयाबीन बेचकर एक तोला सोना मिल जाता था, लेकिन आज भाजपा के राज में हालात ऐसे हैं कि एक तोला सोने के लिए किसान को अपनी जमीन तक बेचनी पड़ सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पर 4 लाख करोड़ का कर्ज है, जिसकी भरपाई के लिए सरकार अब पुजारियों की जमीनें छीनकर उनकी नीलामी करने का प्रयास कर रही है। क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए जयवर्धन सिंह ने स्थानीय कार्यकतार्ओं को आश्वस्त किया कि आरोन क्षेत्र में रुके हुए निर्माण और विकास कार्यों की स्वीकृति जल्द से जल्द दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता महात्मा गांधी के सिद्धांतों, सनातन धर्म की मयार्दा और संविधान की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहेगा।

गुना में बापू पार्क पर दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित बापू पार्क में कांग्रेसजनों ने एकत्रित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 1 एवं 2 शहर द्वारा इस पुण्यतिथि सभा का आयोजन किया गया था। सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस जन बापू पार्क पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने गांधीजी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी द्वारा किया गया संघर्ष हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने अहिंसा के माध्यम से देश को आजाद करवाया और उनके विचारों के कारण ही उन्हें न केवल भारत, बल्कि विदेशों में भी सम्मान के साथ पूजा जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *