सतना के सिविल लाइन चौराहे के पास बीच सड़क पर हंगामा करते हुए मारपीट करने के मामले में 3 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर संज्ञान लेकर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात को सिविल लाइन चौराहे के पास सड़क पर कार खड़ी कर शराब पी रहे तीन युवकों ने बाइक सवार युवकों पर जमकर लात घूंसे बरसाए थे। बीच सड़क उत्पात मचाते हुए उन्होंने गाली-गलौज की और युवकों को खूब पीटा। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ लग गई। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया और मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम अहरी टोला में दबिश देकर आरोपी मयंक नागर, सुधीर वर्मा और अभिषेक उपाध्याय तीनों निवासी अहरी टोला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।


