बाइक सवार के पीछे दौड़ा लेपर्ड, पीठ पर मारा पंजा:पाली के देसूरी में 2 लोगों पर हमला; रेंजर बोले- मुआवजे की फाइल तैयार कर रहे हैं

पाली में लेपर्ड ने 2 अलग-अलग बाइकों के पीछे दौड़ लगाकर अटैक किया। सोमवार रात लेपर्ड एक बाइक के पीछे 500 मीटर तक भागा और पंजा मारकर बाइक के पीछे बैठे व्यक्ति को घायल कर दिया। दूसरी घटना मंगलवार सुबह हुई। लेपर्ड बाइक के पीछे भागा लेकिन सवार ने रेस बढ़ा दी, लेपर्ड की जद से दूर जाकर बाइक बेकाबू होकर गिर गई और युवक घायल हो गया। दोनों घटनाएं जिले के देसूरी थाना इलाके में हुईं। 500 मीटर बाइक के पीछे दौड़ा, उछलकर पीठ पर मारा पंजा देसूरी के भोप सिंह गुड़ा रोड पर सोमवार रात 9 बजे लेपर्ड ने स्थानीय निवासी नारायण लाल गरासिया (40) को घायल कर दिया। देसूरी हॉस्पिटल में घायल नारायण लाल ने बताया- मैं बाइक पर अपने साले नेनाराम के साथ था। बाइक नेनाराम चला रहा था। मैं पीछे बैठा था। कल रात 9 बजे हम खेत से अपने घर (गुड़ा भोप सिंह गांव) लौट रहे थे। रास्ते में लेपर्ड ने बाइक के पीछे दौड़ लगा दी। नेनाराम ने बाइक तेजी से दौड़ाई लेकिन लेपर्ड ने 500 मीटर दौड़ कर छलांग लगाई और उछलकर मेरी पीठ पर पंजा मारा। मेरा जैकेट फट गया। बाइक बेकाबू होकर गिर गई। हालांकि हमला करने के बाद लेपर्ड जंगल की तरफ भाग गया। घायल नारायण लाल को चोटिल हुए साले ने संभाला। परिवार को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और नारायण लाल को देसूरी अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार जारी है। बाइक के पीछे लेपर्ड ने दौड़ लगाई, हमले से बचा लेकिन दहशत से गिरा युवक दूसरी घटना इसी इलाके में मंगलवार सुबह 8.30 बजे हुई। घाणेराव इलाके के गुडा भोप सिंह गांव का राजूराम भील (22) पुत्र पेमाजी बाइक से खेत पर काम करने के लिए निकला था। घर से 1 किलोमीटर दूर ही गया था कि रास्ते में घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने बाइक के पीछे दौड़ लगाई। राजूराम ने बताया- लेपर्ड आधा किलोमीटर तक बाइक के पीछे भागा। जान बचाने के लिए मैंने फुल स्पीड में गाड़ी दौड़ाई। लेपर्ड पीछे रह गया। लेकिन दहशत के कारण आगे जाकर मेरी बाइक बेकाबू होकर स्लिप हो गई। मैं गिरकर घायल हो गया। फिसलने से मेरे सिर में चोट आई। मैंने जैसे-तैसे बाइक उठाई और 10 किलोमीटर बाइक चलाकर देसूरी अस्पताल पहुंचा और सिर पर पट्टी करवाई। रेंजर बोले- घटनास्थल के पास पिंजरा लगाएंगे मामले को लेकर देसूरी रेंजर अरविंद सिंह झाला ने कहा- लेपर्ड ने कल रात एक बाइक सवार पर हमला किया। आज सुबह भी बाइक के पीछे दौड़ने की जानकारी मिली है। वन विभाग घटनास्थल पर पिंजरा लगाएगा। ट्रैप कैमरे भी रखवाए जाएंगे। हमले से घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे के लिए फाइल तैयार कर रहे हैं। ​​स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। लेपर्ड की आबादी और उनकी गतिविधियां इस इलाके में बढ़ी हुई हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार वन विभाग को सूचित किया है। कल बकरी का किया था शिकार सोमवार को बाली उपखंड के कोठार गांव में लेपर्ड ने लिलोड़ा पहाड़ी के पास बकरियों पर हमला कर दिया। एक बकरी का शिकार कर ले गया था। दो बकरियां गायब हो गई। बकरियों के मालिक विर्भानाराम देवासी ने बताया- मेरी बकरियां लिलोड़ा पहाड़ी के नीचे चर रही थीं, तेंदुए ने अचानक हमला किया। बकरियों की आवाज सुन ग्रामीणों ने तेंदुए को वहां से भगाया। इससे पहले भी तेंदुए ने इलाके में तीन बकरियों का शिकार किया है। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग के रेंजर और विष्णु कुमार मीणा को दी थी। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *