भास्कर संवाददाता| निमरानी एबी रोड के बायपास पर शुक्रवार रात 9 बजे बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार एक कार डिवाइडर में जा घुसी। साइड से टक्कर लगने से बाइक सवार महिला-पुरुष गंभीर रुप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला के कान व हाथ में गंभीर चोट आईं। मौजूद लोगों ने खलटांका पुलिस चौकी, डायल 112 व एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। महिला की स्थिति देखते हुए लोगों ने तुरंत एक लोडिंग वाहन की व्यवस्था कर उसे ठीकरी शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद जाम की स्थिति बन गई। खलटांका पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। लोगों ने कहा एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने का यह कोई पहला मामला नहीं है। क्षेत्र में कोई एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं है। नेशनल हाईवे की एंबुलेंस यहां से 25 किमी दूर बरूफाटक में खड़ी रहती है। हर बार घटना होने पर सूचित किया जाता है। लेकिन इसे यहां तक पहुंचने में कम से कम एक घंटे का समय लग जाता है। सरकारी एंबुलेंस की क्षेत्र में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। दिखावे के लिए औद्योगिक वेलफेयर एसोसिएशन ने एंबुलेंस को क्षेत्र की सुविधा के लिए लाकर रखा है लेकिन उसका अब तक इस्तेमाल नहीं हुआ है।


