बाइक सवार दो युवकों की मौत; अंधेरे में खड़ी थी धान से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली, पीछे से टकराए

कबीरधाम जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ये दोनों रात के समय अंधेरे में खड़ी धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए थे। वहीं एक अन्य हादसे में अज्ञात वाहन से टकरा कर बाइक सवार 3 युवक घायल हो गए हैं। इनमें से दो युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पहली घटना रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। मृतक रवि पिता हीरऊ बंजारे (22) और सुखदेव पिता बलराम जांगड़े (20) दोनों ग्राम गौरझूमर के रहने वाले थे। दोनों किसी काम से थान खम्हरिया (बेमेतरा) गए थे। बुधवार- गुरुवार दरमियानी बाइक सवार दोनों युवक अपने गांव लौट रहे थे। तभी ग्राम बनिया के पास धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे टकरा गए। हादसे में लहूलुहान सड़क पर पड़े दोनों युवक को थान खम्हरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। जिले में सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। इसमें होने वाली मौत के भी आंकड़े बढ़ रहे हैं। घटनास्थल पर अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा ओवर स्पीड और रात में अंधेरे की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली एक घर के बाहर खड़ी थी। मोटर साइकिल मृतक रवि बंजारे चला रहा था। रात में अंधेरे के कारण बाइक चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को देख नहीं पाया और ट्राली के पीछे मोटर साइकिल घुस गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। थान खम्हरिया में ही गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम हुआ। उसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शवों को गांव लेकर आए। 35वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत कबीरधाम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलेभर के सभी थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों को लेकर लोगों को जागरू किया जा रहा है। बुधवार को ही ऑटो रैली के जरिए धीमे चलें, सुरक्षित रहें..,सीट बेल्ट लगाएं.., नशे में गाड़ी न चलाएं.. जैसे संदेश दिए। लेकिन आम लोगों पर इसका असर होता नहीं दिख रहा है। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की जा रही है। कुकदूर में हुए रोड एक्सीडेंट में ही एक बाइक पर 3 युवक सवार थे। माजदा वाहन से टकराई बाइक, तीन युवक घायल, जिला अस्पताल रेफर दूसरी घटना कुकदूर थाना क्षेत्र की है। गुरुवार दोपहर 12 बजे मोटर साइकिल सवार 3 युवक माजदा वाहन से टकरा गए। नोहर पिता फूल सिंह मेरावी (24) निवासी ग्राम छिरहा, सूरज पिता अर्जुन परस्ते (25) निवासी ग्राम पिपरहा और उनका एक अन्य मित्र तीनों एक ही मोटर साइकिल पर सवार थे। ये तीनों कुकदूर की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे माजदा वाहन क्रमांक- सीजी 09 जेपी 0279 से टकरा गए। नोहर के सिर में कई फ्रैक्चर हुआ है। वहीं अर्जुन का पैर टूट गया है। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया है। तीसरे युवक को मामूली चोंट आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *