भास्कर न्यूज| लुधियाना सिविल सिटी इलाके में कपड़ों की दुकान पर अंधाधुंध गोलियां चलने से पहले, देर रात शाही मोहल्ला में भी फायरिंग की सनसनीखेज वारदात भी हुई थी। अलग-अलग बाइक पर सवार करीब दस युवकों ने एक घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। शाही मोहल्ला निवासी दीपक ने बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल का काम करते हैं। रात को उसे पहले पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके घर की खिड़की का शीशा टूट गया। तब उसे एहसास हुआ कि बाहर से उसके घर पर फायरिंग की जा रही है। उसने तुरंत शोर मचाकर घर के सभी सदस्यों को उठाया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। “मैं रात करीब एक बजे घर में सो रहा था। अचानक मुझे लगा जैसे बाहर पटाखे चल रहे हों, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद जोर की आवाज आई और मेरी खिड़की का शीशा टूट गया। तब समझ आया कि बाहर गोलियां चल रही हैं। मैं घबरा गया और तुरंत चिल्लाकर घर के सभी लोगों को जगाया। बच्चे और महिलाएं डर के मारे कांपने लगे थे। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी भी बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मैंने देखा कि अलग-अलग बाइक पर सवार युवक भागते हुए निकल गए। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही किसी से विवाद। फिर भी इस तरह की फायरिंग ने पूरे परिवार को डरा दिया है।”- जैसा दीपक ने भास्कर को बताया सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ और चौकी कैलाश नगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दीपक के अनुसार उसे आशंका है कि किसी ने गलती से उसके घर के बाहर फायरिंग कर दी हो, लेकिन जिस तरह से कई राउंड गोलियां चलाई गईं, उससे मोहल्ले में डर का माहौल है। गौर करने वाली बात यह है कि इसी दिन सिविल सिटी इलाके में ‘डस्टी लुक’ नाम की कपड़ों की दुकान पर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी, जहां फिरौती न देने पर बदमाशों ने शटर पर कई राउंड फायर किए थे। डिवीज़न 8 थाना प्रभारी अमृतपाल शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।


