भास्कर न्यूज| महासमुंद महिलाओं में खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें फिटनेस के प्रति जागरूक करने मिनी स्टेडियम सुनसुनिया में विकासखंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन प्रभारी कुसुम यादव के नेतृत्व में हुए इस खेल उत्सव में 9 से 35 वर्ष तक की प्रतिभागियों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 9 से 18 वर्ष एवं 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिला प्रतिभागी खो-खो, रस्साकशी, वॉलीबॉल, 100 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, तवा फेंक खेल विधाओं में शामिल हुईं। प्रतियोगिता के सबसे रोमांचक मुकाबले में 9-18 वर्ष आयु वर्ग में गीतांजलि ठाकुर ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया। गीतांजलि ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पाया और तवा फेंक स्पर्धा में भी बाजी मारी। वहीं, 18-35 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में लक्ष्मी ठाकुर ने सबसे तेज दौड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। टीम स्पर्धाओं में मुनगासेर और बागबाहरा कॉलेज आगे टीम खेलों में मुनगासेर की छात्राओं ने जबरदस्त तालमेल दिखाते हुए रस्साकसी और खो-खो दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल के कड़े मुकाबले में बागबाहरा कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि 18-35 वर्ष वर्ग की रस्साकसी में भानपुर की महिलाओं ने जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि सरपंच लीला सबर, कमलेश कौशिक ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं को अपनी छिपी हुई प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में कमलेश साहू, कुसुम यादव और सविता बरिहा सहित खेल विभाग के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


