बागेश्वर धाम में कैंसर हीलर जीवन आशा कैंप शुरू:धीरेंद्र शास्त्री ने किया शुभारंभ, विशेषज्ञ करेंगे जांच; बोले- बुंदेलखंड के मरीजों को मिलेगी सुविधा

छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में कैंसर हीलर जीवन आशा कैंप का शुभारंभ किया गया है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आज (शुक्रवार) इस कैंप का उद्घाटन किया। यह कैंप कैंसर रोगियों की जांच और परामर्श के लिए शुरू किया गया है, जबकि धाम में बनने वाला कैंसर अस्पताल अभी निर्माणाधीन है, जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी वर्ष रखी थी। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने फीता काटकर कैंप का शुभारंभ किया और पूरे परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए यह कैंप एक बड़ी सौगात है। इस कैंप के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कैंसर रोग से पीड़ित लोगों की जांच की जाएगी और आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। विशेषज्ञ समेत पांच सदस्यीय टीम मौजूद रहेगी
यह कैंप देश के जाने-माने चिकित्सक डॉ. तरंग कृष्णा की संस्था ‘कैंसर हेल्थ’ के सहयोग से संचालित हो रहा है। डॉ. तरंग कृष्णा ने बताया कि कैंप में एक कैंसर विशेषज्ञ सहित पांच सदस्यीय टीम मौजूद रहेगी। दिल्ली के प्रसिद्ध कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष यादव भी अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यहां से दी जाने वाली दवाइयां 80 से 90 प्रतिशत कम दाम पर उपलब्ध होंगी। आगामी दिनों में स्टाफ की संख्या बढ़ाकर पांच डॉक्टर और 15 सदस्य, कुल 20 लोग होंगे। कैंप में तीन अलग-अलग ओपीडी कक्ष, एक मेडिकल कक्ष, एक डॉक्टर कक्ष और मरीजों के बैठने के लिए एक हॉल बनाया गया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए यह सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच और परामर्श पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएगी। साथ ही, दवाइयों पर भी भारी छूट मिलेगी। इस अवसर पर डॉ. तरंग कृष्णा के अलावा उनकी पत्नी डॉ. दीपिका कृष्णा, डॉ. संतोष यादव और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *