बाड़मेर शहर की राय कॉलोनी में सोमवार देर शाम एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली पुलिस ने डेयरी संचालक के घर पर दबिश दी। मादक पदार्थ सप्लाई की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान घर में मौजूद महिला ने नशीला पदार्थ टॉयलेट में डालकर फ्लश कर दिया। हालांकि हड़बड़ाहट में गिरा कुछ हिस्सा पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त किया। टीम देर रात तक जांच में जुटी रही और आज पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दरअसल, एएनटीएफ को इनपुट मिला था कि राय कॉलोनी रोड स्थित एक दूध डेयरी की आड़ में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की और कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची। घर में घुसते ही पत्नी ने की सबूत नष्ट करने की कोशिश जब एएनटीएफ और पुलिस की टीम डेयरी संचालक प्रभुराम के किराए के मकान पर पहुंची तो अंदर मौजूद उसकी पत्नी को कार्रवाई की भनक लग गई। टीम को आते देख महिला ने घर में रखा अवैध डोडा पोस्त टॉयलेट सीट में डालकर फ्लश कर दिया। इससे नशीला पदार्थ पानी में बह गया, जबकि कुछ हिस्सा फर्श पर गिर गया। फर्श से मिले अंश को साक्ष्य के तौर पर किया जब्त हड़बड़ाहट में गिरे डोडा पोस्त के अंश को पुलिस टीम ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया। इसके बाद डेयरी परिसर, मकान और वहां खड़ी गाड़ियों की तलाशी ली गई। कार्रवाई देर रात तक चलती रही। पुलिस को बड़े नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका पुलिस को अंदेशा है कि यह मामला किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। एएनटीएफ और कोतवाली पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। एसएचओ बोले, जल्द होगा खुलासा कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि राय कॉलोनी के डेयरी मालिक प्रभुलाल की दुकान, किराए के मकान और गाड़ी की एक साथ तलाशी ली गई है। पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।


