बाड़मेर में रेलवे ट्रैक का इलेक्ट्रिफिकेशन काम पूरा होने के बाद कई इलेक्ट्रिक ट्रेन शुरू होंगी। कुछ दिन पहले बाड़मेर और हावड़ा के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन शुरू हुई थी। अब 12 मई से बाड़मेर और असम के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन की कनेक्टिविटी शुरू होगी। बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट के बाद गुवाहाटी-बाड़मेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस अगले महीने से प्रारंभ से अंतिम स्टेशन तक इलेक्ट्रिक इंजन से चलाई जाएगी। जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- मंडल के समदड़ी-बाड़मेर रेल खंड पर इलेक्ट्रिक लाइन पर उन ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किया जा रहा है। अब तक या तो डीजल इंजन से चलाई जा रही थी या फिर रास्ते के स्टेशन पर उनका इंजन बदला जा रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रेन 15632/15631, गुवाहाटी-बाड़मेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस अब गुवाहाटी से 8 मई तथा बाड़मेर से 12 मई को प्रारंभ से अंतिम स्टेशन तक इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होने लगेगी। इसी प्रकार ट्रेन 15634/15633,गुवाहाटी-बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस भी गुवाहटी से 26 अप्रेल तथा बीकानेर से 30 अप्रेल से इलेक्ट्रिक इंजन से चलना प्रारंभ हो जाएगी। इन ट्रेनों के प्रारंभ से अंत तक इलेक्ट्रिक लोको से चलने से रास्ते के स्टेशन पर इंजन बदलने वाले समय में कमी आएगी और यात्रियों की यात्रा सुगम होगी।


