राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने आज नाथद्वारा में जल जीवन मिशन के अटके काम का निरीक्षण किया। करीब 100 करोड़ रुपए की परियोजना से नंदसमंद बांध से नाथद्वारा में पानी लाने की योजना है, जिसका 60 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। सांसद ने यहां हो रहे कामों की गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे कि आमजन को जल्द से जल्द लाभान्वित कर महत्वाकांक्षी योजना पूरी की जा सके। यह परियोजना वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अनुमति नहीं मिलने के कारण बाधित है। हाईवे गाइडलाइन के चलते राजमार्ग क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यदि इस परियोजना को हरी झंडी मिलती है, तो नाथद्वारा शहर के 10,000 से ज्यादा परिवारों को स्वच्छ और नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन योजना के रुके कामों को लेकर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से नाथद्वारा विधायक विश्व राज सिंह मेवाड़ के साथ मिलकर मुलाकात कर चुकी हैं। अब उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का अवलोकन किया और आश्वासन दिया कि इस परियोजना को जल्द ही सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। जिससे कि नाथद्वारा के नागरिकों को परियोजना का लाभ मिल सके। सांसद के निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारी और निवासी भी मौजूद थे।


