अमृतसर | शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने संगत से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित गांवों में स्थित गुरुद्वारों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दें और पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। धामी ने कहा कि इस संकट से निपटने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। एसजीपीसी प्रधान ने बताया कि गुरुद्वारों में संगत के लिए सराय (आश्रय) और लंगर की व्यवस्था लगातार जारी है। इसके अलावा, शिरोमणि कमेटी बाढ़ प्रभावित लोगों से संपर्क कर रही है और उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जहां लोगों को जरूरी सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है, वहीं गुरुद्वारों से पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।एडवोकेट धामी ने पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, करतारपुर साहिब में पानी घुसने पर भी दुख व्यक्त किया।


