भास्कर न्यूज| तोकापाल जनपद पंचायत तोकापाल में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शुक्रवार को राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न, वस्त्र, बिस्तर एवं आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भाजपा की सरकार हमेशा आपदा के समय आम जनता के साथ खड़ी रहती है। हमारी सरकार का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं, बल्कि सेवा करना है। सेवा, सुशासन और समर्पण ही हमारे कार्य का मूलमंत्र है। बाढ़ जैसे संकट की घड़ी में हम पीड़ितों के साथ हैं और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है। किसी भी परिवार को भूखा या बेसहारा नहीं रहने दिया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने आभार व्यक्त किया।


