बाणगंगा में हादसा:गोविंद कॉलोनी में तेज रफ्तार कार वृद्धा को रौंदते हुए भागी, कुछ दूर घसीटा भी, मौत

बाणगंगा इलाके की गोविंद कॉलोनी मेन रोड पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा लकड़ियां तोड़ रही थी तभी एक कार, जिस पर बाणेश्वरी लिखा था और शीशों पर काली फिल्म लगी थी, तेज रफ्तार में वृद्धा को रौंदते हुए निकल गई। कार ने वृद्धा को कुछ दूर घसीटा भी था। जब लोगों ने उन्हें घायल हालत में देखा तो अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच यही माना जाता रहा कि वृद्धा खुद गिरी होंगी, लेकिन आधा घंटे बाद कैमरे खंगाले तो हादसे का पता चला। लोगों का कहना है कि कार को उसका मालिक चला रहा था, कार मालिक ने पुलिस को बयान दिया कि ड्राइवर चला रहा था। कार जब्त कर ली गई है, अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका का नाम इसी इलाके में रहने वाली कौशल्याबाई (83) है। लोगों ने बताया कि वे यहां कपड़ों पर प्रेस करके अपना गुजारा करती थीं। रोजाना की तरह वे लकड़ी तोड़ रही थीं, लेकिन कुछ देर बाद बेसुध पड़ी मिलीं। लोग उनके पास पहुंचे तो देखा सिर से खून निकल रहा है। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे दम तोड़ चुकी थीं। उनके शरीर पर चोट के गंभीर निशान देख लोगों को शंका हुई तो पास के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कार वृद्धा को कुचलते हुए असंतुलित भी हुई फुटेज देखे तो पता चला कि एक काली कार तेजी से निकली। उसने वृद्धा को टक्कर मारी। फिर कुचलते हुए निकल गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि जब वृद्धा पर पहिया चढ़ा तो कार उछली थी, लेकिन ड्राइवर नहीं रुका। लोगों ने फुटेज देखने के बाद कार पहचान ली कि यह तो पीछे ही रहने वाले ईंट भट्टा कारोबारी प्रजापति परिवार की है। लोगों का कहना है इस कार को तेजेंद्र प्रजापति चलाता है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। लोगों के और कार मालिक के बयानों में विरोधाभास के चलते पुलिस अफसरों ने कहा कि अब आगे-पीछे के रूट के और फुटेज खंगाले जाएंगे। इससे पता चल जाएगा कि कार कौन चला रहा था। कोरोना में हो चुकी है पति की मौत : पता चला है कि वृद्धा के पति की कोरोना काल में मौत हो चुकी है। वे अकेली रहती हैं, जबकि बाकी का परिवार पास ही स्थित नंदबाग में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए थे। चेकिंग के दौरान बाणेश्वरी लिखी कार ने हूटर बजाया, जब्त अफसर ने निकलवाया, चालक को चेतावनी देकर छोड़ दिया तेजाजी नगर क्षेत्र में रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान बैरिकेड्स देखकर एक कार चालक ने हूटर बजा दिया। कार पर बाणेश्वरी लिखा हुआ था। अफसर चेकिंग में तैनात थे, उन्होंने कार रुकवाकर हूटर लगाने का कारण पूछा तो वह बता नहीं पाया। फिर बोला गलती से बज गया। आईपीएस ने हूटर जब्त किया साथ ही चेतावनी देकर ड्राइवर को छोड़ दिया। एसीपी आजाद नगर करण दीप सिंह ने बताया, कस्तूरबा ग्राम स्कूल के पास चेकिंग पॉइंट पर वे तैनात थे। उनके साथ तेजाजी नगर के टीआई और प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य सिंघारिया भी थे। इस दौरान एक एसयूवी MP09 CT 2500 के ड्राइवर ने हूटर बजाते हुए कार तेज रफ्तार में निकालने का प्रयास किया। हूटर बजता देख एसीपी ने तुरंत गाड़ी रुकवा ली। कार की नंबर प्लेट के ऊपर लाल रंग से कवर नेम प्लेट भी लगी थी। साथ ही गाड़ी पर ‘बाणेश्वरी’ लिखा हुआ था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *