बाथ कैसल गैंगवार: परिवारों का सीपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन

लुधियाना| पक्खोवाल रोड स्थित बाथ केसल में 29 नवंबर की रात को हुई गैंगवार के दौरान जान गंवाने वाले होजरी कारोबारी वासु के परिजनों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। घटना को कई महीने बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर इंसाफ की मांग की। हाथों में अपनों की तस्वीरें थामे परिजन आंसुओं के साथ सवाल पूछते नजर आए। उनका कहना था कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में जरूर लिया है, लेकिन गोलियां चलाने वाले और पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड अब भी खुले घूम रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल मृतक वासु के रिश्तेदारों ने कहा कि जिस दिन शादी समारोह में गोली मारकर हत्या हुई, उसी दिन से उनका परिवार टूट गया। “हम किसी खुशी के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए हैं। शादी का कार्ड देखते ही रूह कांप जाती है। हमारे बच्चे की शादी खुशी नहीं, मौत में बदल गई,” परिजनों ने भावुक होकर कहा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जांच को जानबूझकर लंबा खींच रही है और प्रभावशाली आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इसी गुपचुप कार्रवाई से मजबूर होकर उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। आरोपियों के विदेश भागने का शक सूत्रों का कहना है आरोपी भारत छोड़ कर विदेश भाग गए हैं, जिनमे मुख्य आरोपी शुभम घटनाक्रम के बाद ही भारत से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज करने और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेने का दावा किया था, लेकिन अब तक पकड़े गए लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि इसी गोपनीयता के चलते उन्हें भरोसा नहीं है कि असली आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। परिजनों ने सवाल उठाया कि हथियारबंद बदमाश एक भीड़भाड़ वाले मैरिज पैलेस तक कैसे पहुंच गए और पुलिस की खुफिया व्यवस्था उस दिन क्यों नाकाम रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *