जालंधर का संडे सुकून में गुजरा। ठंडी हवाएं चलीं और बारिश से पारा नीचे आ गया। मई के महीने में फरवरी के मौसम का एहसास हुआ। शाम 4 बजे सिटी का तापमान सिर्फ 24 डिग्री रहा। जबकि इसी समय शनिवार को 35.3 डिग्री की तपिश चल रही थी। सिटी में पूरा दिन आंधी चली। इसके बाद बारिश हुई। सबसे पहले दोपहर को अलावलपुर कस्बे में बारिश आरंभ हुई। यहां करीब 50 मिनट तेज बारिश हुई। कुछ देर बारीक ओले गिरे। इसी दौरान खूब बारिश हुई। इससे तमाम मोहल्लों की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। अब जालंधर में 5 मई को भी बादल छाएंगे। बीच में धूप निकलेगी। 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी। इसके बाद 6 तारीख को भी बारिश के प्रबल आसार हैं। जालंधर में गेहूं कटाई के बाद खाली खेतों को पानी मिल गया है। धान की फसल के लिए खेतों की तैयारी में आसानी होगी।


