मावठा गिरने और कोहरे के कारण दिन के साथ रात का तापमान लुढ़क गया था। अब बादल छंटते ही रात का तापमान 1.5 डिग्री बढ़ गया है। हालांकि दिन के तापमान में 0.7 डिग्री की कमी आई है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को यह 11.5 डिग्री पर पहुंच गया था। इसी तरह अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सोमवार को 25.2 डिग्री था। मौसम विज्ञान विभाग भोपाल के अनुसार इंदौर, नर्मदापुरम् और उज्जैन में तापमान सामान्य से कम रहा। अब दो दिन तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान भी लगाया जा रहा है। दिन की शुरुआत कोहरे से हुई लेकिन दोपहर में धूप भी निकली। शाम ढलने के साथ सर्द हवा ने फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। गेहूं : मावठे ने एक सिंचाई की जरूरत पूरी कर दी है, अब एक सप्ताह तक मिट्टी में नमी रहेगी। चना : असिंचित क्षेत्र में बोए गए चने के लिए मावठे के साथ कोहरा खाद का काम करेगा। आलू : कहीं-कहीं झुलसा रोग, पत्तियां मुरझाकर गिरने की आशंका है। लहसुन, प्याज : पत्तियां पीली पड़ने और फफूंद की शिकायत आ सकती है। (जानकारी उन्नत किसान ईश्वरसिंह पाटपाला, चिंतामण जवासिया के अनुसार।)


