सीकर के सदर थाना इलाके में बानूड़ा गैंग के लोगों ने दूजोद टोल प्लाजा के मैनेजर को मंथली देने के लिए धमकी दी। मंथली नहीं देने पर टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ करने की बात कही। टोल प्लाजा के मैनेजर ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर के दूजोद टोल प्लाजा के मैनेजर राजेंद्र सिंह ने सीकर के सदर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया कि 23 दिसंबर की रात को करीब 11:20 पर दो गाड़ी रॉन्ग साइड से उनके टोल प्लाजा पर आई। जिनमें करीब 5 से 6 लोग बैठे हुए थे। वह जिद करने लगे कि हम तो रॉन्ग साइड से ही जाएंगे। इस वजह से टोल प्लाजा पर जाम लग गया। टोल के कर्मचारी गाड़ी में बैठे लोगों को समझाते रहे कि आप सही साइड से जाइए। लेकिन गाड़ी में बैठे लोगों ने टोल कर्मचारियों को गालियां देना शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। गाड़ी में बैठे एक आदमी जिसने खुद का नाम सीताराम सेवदा उर्फ खली बताया। वह कहने लगा कि हम बानूड़ा ग्रुप के लोग हैं,आगे से बानूड़ा ग्रुप की किसी भी गाड़ी से टोल के पैसे नहीं लेना और ना ही फास्ट टैग से पैसे काटना। अगर गलती से भी बानूड़ा ग्रुप की गाड़ी का टोल काट दिया तो तुम सभी को काट दूंगा। सीताराम ने कहा कि हर महीने बानूड़ा ग्रुप को मंथली देनी पड़ेगी,अगर नहीं दी तो हम टोल पर तोड़फोड़ करेंगे। हमारे भाई नटवर थालौड़ ने 2 बार टोल पर तोड़फोड़ की। सीताराम ने कहा कि हमारा ग्रुप इतना बड़ा है कि तुम्हें अंदाजा भी नहीं है। हमारी बात नहीं मानी तो हमारा बानूड़ा ग्रुप गाड़ियों में एक साथ बैठकर आएंगे। 5 मिनट में तुम्हारे टोल को तोड़फोड़ कर देंगे। फिर तुम्हारी जगह यहां पर टोल कोई और ही चलाएगा। इसके बाद 1 जनवरी को दोपहर करीब 3:54 पर सीताराम ने वॉट्सऐप नंबर से राजेंद्र को कॉल किया और कहा कि जब तुम लोगों को समझा दिया कि बानूड़ा ग्रुप या मेरे नाम से कोई गाड़ी लेकर आए तो उससे टोल नहीं लेना, लेकिन तुम लोगों को मेरी बात समझ में नहीं आती है। शायद तुम लोगों को टोल नहीं चलाना है। इसके बाद सीताराम ने मैनेजर राजेंद्र के साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया और कहा कि तुम किसी के पास चले जाओ तुम लोगों को मंथली तो देनी ही पड़ेगी। अगर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने की गलती की तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। सीकर में हिस्ट्रीशीटर ने टोल प्लाजा पर तोडफ़ोड़ की:स्टाफ को धमकी दी-कहा,हर महीने 50 हजार रुपए दो; नहीं तो जान से मार दूंगा सीकर के सदर थाना इलाके में स्थित सेवद टोल प्लाजा पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी ने तोड़फोड़ की। पैसों की डिमांड करके उन्होंने स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी। टोल मैनेजर ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। (पूरी खबर पढ़ें)


