भास्कर न्यूज | रायगढ़ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार रात अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ एक बजे ग्राम कोसमनारा स्थित श्रीश्री 108 सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और सत्यनारायण बाबा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूरे प्रदेश को महाशिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उपस्थित थे। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


