बाबा भूरी वालों की ओर से करवाया जा रहा अवैध निर्माण, ज्वाइंट कमिश्नर ने रुकवाया

भास्कर न्यूज | अमृतसर बाबा भूरी वालों द्वारा चेतावनी के बाद भी गुरुद्वारा शहीदां साहिब के सामने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कराने पर निगम कमिश्नर ने कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। दरअसल, बीते 4 जून को इसी जगह पर कमिश्नर ने अवैध निर्माण पर तोड़ने का आदेश दिया था तो ज्वाइंट कमिश्नर जय इंदर-असिस्टेंट कमिश्नर विशाल वधावन और एस्टेट अफसर धर्मिंदरजीत कार्रवाई करने पहुंचे थे। टीम काम रुकवाकर वापस लौट आई। वहीं 9 जून को शिकायत मिली कि दोबारा से निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जिसके बाद वही टीमें मौके पर पहुंची और काम रुकवाकर अवैध कब्जे वाली दीवार तोड़े बिना वापस लौट गई। ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि निगम कमिश्नर को रिपोर्ट भेज दी गई है। बनती कार्रवाई की जाएगी। पहले भी बाबा भूरी वालों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर शिकायतें मिल चुकी थीं। मौके का निरीक्षण करने पर पाया गया कि चेतावनी देने के बावजूद निर्माण कार्य जारी था। सरकारी जमीन पर कब्जे के उद्देश्य से एक दीवार बनाई जा चुकी थी और पानी का बोर भी किया जा रहा था। मौके पर बाबा भूरी वालों की बोलेरो गाड़ी भी खड़ी पाई गई। एस्टेट अफसर को कानूनी कार्रवाई करने व अवैध दीवार तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल, काम रुकवा दिया गया है। ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा कि बाबा भूरी वाले एक धार्मिक संस्था है। संस्था द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मिली शिकायत के आधार पर संस्था द्वारा बनाई गई अवैध सीढ़ियों को गिराने के आदेश पहले ही दिए जा चुके थे और आगे कोई निर्माण न करने की चेतावनी भी दी गई थी। लेकिन संस्था ने सरकारी आदेशों की अवहेलना करते हुए दीवार बना दी और अवैध रूप से बोर भी किया गया। शहर में अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *