छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक युवक ने सोशल मिडिया के माध्यम से बाबा सत्यनारायण के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। जिसके बाद साहू समाज समेत उनके भक्तों में नाराजगी है। ऐसे में साहू समाज के द्वारा एसएसपी से मुलाकात उन्हें ज्ञापन सौंपा है और युवक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। गुरूवार को जिला साहू संघ रायगढ़ के जिला अध्यक्ष डिग्री लाल साहू के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा बाबा सत्यनारायण के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक और भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया गया है। समाज ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य बताया है। वहीं साहू समाज का कहना है कि बाबा सत्यनारायण केवल साहू समाज के ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज के श्रद्धेय और आस्था के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ की गई इस तरह की टिप्पणियां न केवल साहू समाज बल्कि पूरे समाज की भावनाओं पर सीधा आघात है।
युवक की गिरफ्तारी की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित युवक द्वारा कई तरह के निराधार आरोप लगाए गए हैं, जो भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं। समाज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया अकाउंट की तत्काल जांच कर युवक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जहां मामले में एसएसपी ने जांच कर एफआईआर करते हुए कार्रवाई का आश्वसन दिया है।


