पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अपने परिवार के नेताओं के लिए बड़े-बड़े स्मारक बनाने वाली कांग्रेस ने बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के लिए दिल्ली में दो गज जमीन भी उपलब्ध नहीं कराई। ये वही कांग्रेस है, जिसने संसद में बाबा साहेब के तैल चित्र तक नहीं लगाए। भाजपा समर्थित वीपी सिंह सरकार ने उन्हें भारत र| से सम्मानित किया। गुरुवार को हुई संविधान गौरव अभियान की प्रदेश और जिला टोलियों की बैठक के बाद बाउरी मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान चलेगा। लोगों को बताया जाएगा कि अपनी सत्ता बचाने के लिए संविधान में 90 बार से अधिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान पर बोल रही है। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के सह संयोजक राकेश भास्कर, नंदजी प्रसाद, अमरदीप यादव थे। संविधान की मूल भावनाओं के साथ कांग्रेस ने किया खिलवाड़ : बाउरी ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की मूल भावनाओं के साथ हमेशा खिलवाड़ किया है। कांग्रेस को बाबा साहेब पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत हर जिले और मंडल में जनता को कांग्रेस पार्टी द्वारा बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर का किया गया अपमान बताएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार कैसे बाबा साहेब की नीतियों पर चल रही है, उसे बताया जाएगा।


