श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के नेतृत्व में डॉक्टर्स ने बायोमेडिकल वेस्ट (BMW) संग्रहण शुल्क और बारकोड प्रणाली के खर्च को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपा। आईएमए अध्यक्ष डॉ. विनीत गुप्ता के नेतृत्व में ज्ञापन देकर मांग की, कि प्रदेश में बायोमेडिकल वेस्ट के संग्रहण शुल्क की दरें समान और तर्कसंगत होनी चाहिए, जिससे निजी व सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर पड़ने वाला अनावश्यक आर्थिक भार खत्म हो जाए। वर्तमान में BMW निस्तारण के लिए लगाए जा रहे शुल्क में असमानता और मनमानी की जा रही है, जिससे छोटे और मध्यम स्तर के अस्पतालों एवं क्लीनिकों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर्स ने मांग की है कि बारकोड प्रणाली, जो बायोमेडिकल वेस्ट के ट्रैकिंग और प्रबंधन के लिए अनिवार्य की गई है, उसका व्यय सरकार या संबंधित विभाग द्वारा वहन किया जाए। निजी चिकित्सा संस्थानों पर यह अतिरिक्त खर्च लादना उचित नहीं है, विशेषकर ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सा सेवा प्रदाताओं के लिए। इस अवसर पर IMA उपाध्यक्ष डॉ. मयंक सिंगल, सचिव डॉ. हिमांशु शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेज कुमार शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जसकरण सिंह, डॉ. अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार से अपील की कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को सहज और सुगम बनाए रखने हेतु नीतियों में व्यावहारिकता और समानता को प्राथमिकता दी जाए। IMA प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे राज्य स्तर पर आंदोलन की योजना बना सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार चिकित्सा जगत की व्यावहारिक समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक कदम उठाएगी। इनपुट- विक्रम कुमार


