बारगांव| ग्राम बारगांव की तन्नू बेग का चयन हॉकी खेल में राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव की कक्षा 11वीं की छात्रा तन्नू बेग का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेल हॉकी प्रतियोगिता (बालिका वर्ग 19) के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 2 से 7 जनवरी 2026 तक होगी, जहां तन्नू छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। कोच तुलसी साहू ने बताया कि ग्रामीण अंचल से किसी खिलाड़ी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। गांव की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं और कड़ी मेहनत, लगन व अनुशासन के बल पर सफलता के शिखर तक पहुंच सकती हैं। बताया कि तन्नू की माता जलीलुन बी गृहिणी हैं, जबकि पिता रहमान बेग किसान हैं। प्राचार्य श्याम सिंह ने इसकी सराहना की है।


