बारां जिले में वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पखवाड़े के 10वें दिन कृषि उपज मंडी परिसर बारां में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों और ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवरों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकना था। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा, सीएमएचओ डॉ. संजीव सक्सैना और सहायक जनसंपर्क अधिकारी मोहन लाल ने संयुक्त रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाए। अधिकारियों ने बताया कि रात के समय या कम रोशनी में ये सेफ्टी रिफ्लेक्टर दुर्घटनाओं को कम करने में बेहद सहायक होते हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाले कृषि वाहनों के लिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक और जिला परिवहन अधिकारी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवरों व किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने, ट्रॉली में रिफ्लेक्टर व संकेतक लगाने, रात में लाइट की उचित व्यवस्था रखने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। अधिकारियों ने जोर दिया कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़े हादसों को टाल सकती हैं। कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक हुक्मचंद मीणा सहित परिवहन, पुलिस और मंडी प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, किसान और वाहन चालक उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थित नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।


