बारां मंडी क वर्ग व्यापार संघ के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 12 दिसंबर को किसान भवन धान मंडी में होंगे। इस द्विवार्षिक चुनाव में रमेशचंद तिवारी और मनीष लश्करी के बीच सीधा मुकाबला होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जालान और राधेश्याम गर्ग ने बताया कि बुधवार 10 दिसंबर को नाम वापसी का दिन था। इस दौरान शिवशंकर शर्मा ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद दो प्रत्याशी मैदान में बचे। चुनाव में कुल 230 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। मतगणना दोपहर 3 बजे से शुरू होगी और परिणाम तुरंत घोषित कर दिए जाएंगे। मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा। चुनाव अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर मतदाताओं की पहचान के लिए आईडी कार्ड मांग सकते हैं। सभी मतदाताओं से अपना पहचान पत्र साथ लाने का आग्रह किया गया है।


