बारां कोतवाली थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लंका कॉलोनी निवासी रवि प्रजापति पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी मेलखेड़ी रोड स्थित शहीद स्मारक के पास गश्त के दौरान हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन शस्त्र प्रहार’ के तहत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध हथियार, मादक पदार्थ, जुआ और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और पुलिस उपाधीक्षक हरिराम सोनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली सीआई योगेश चौहान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। टीम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी रवि प्रजापति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में सीआई योगेश चौहान, एएसआई बनवारीलाल, धनराज सिंह, हेड कॉन्स्टेबल अमरचंद, पवन कुमार, कृष्णमुरारी और लक्ष्मण सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


