बारां चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नया मील का पत्थर स्थापित होने जा रहा है। जिला अस्पताल परिसर में 91.53 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सात मंजिला 240 बेड का नया अस्पताल मार्च में शुरू होगा। इस अस्पताल में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू वार्ड की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सीपी मीना ने बताया कि कॉलेज निर्माण के लिए 325 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसमें प्रथम चरण में 148 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नए साल में यहां न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि एनएमसी से एलओपी मिलने के बाद इसी सत्र से बारां मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर छात्रों की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। हाल ही में विभिन्न विभागों के लिए 33 नई फैकल्टी की नियुक्ति की गई है, जिनमें से 19 ने पहले ही कार्यभार संभाल लिया है। यह परियोजना न केवल स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाएगी, बल्कि देश को नए डॉक्टर्स भी प्रदान करेगी। सर्जरी, ऑर्थो आदि के डेडिकेटेड फ्लोर रहेंगे
पीएमओ ने बताया कि 7 मंजिला अस्पताल में पहली मंजिल पर मेडिकल से संबंधित वार्ड रहेंगे। साथ ही दूसरी मंजिल पर ऑर्थो से संबंधित उपचार होगा। इसके बाद तीसरी मंजिल पर सर्जरी विभाग होगा। साथ ही चौथे फ्लोर पर ईएनटी समेत अन्य विभाग रहेंगे। वहीं, पांचवी मंजिल पर 4 मुख्य ऑपरेशन थिएटर रहेंगे। साथ ही इसी मंजिल पर एनेस्थिसिया चैकअप होगा व 12 बेड पोस्ट ऑपरेटिव रिकवरी रूम रहेगा। साथ ही यहां पर 20 बेड का आईसीयू भी संचालित होगा। साथ ही 6ठी मंजिल पर कैफेटेरिया और फैकल्टी के रूम रहेंगे।


