बारां के कोटा रोड स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया को 10.50 करोड़ रुपए की लागत से अपग्रेड किया जाएगा। रीको द्वारा इसके लिए बजट आवंटित कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के तहत ड्रेनेज, सड़क, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। यह औद्योगिक क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। रीको ने इन समस्याओं के समाधान के लिए यह पहल की है। अगले महीने से इसका काम शुरू होने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सबसे महत्वपूर्ण कार्य आरसीसी नालियों का निर्माण होगा। वर्तमान में यहां कोई व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम नहीं है, जिससे उद्योगों से निकलने वाला गंदा पानी कई जगहों पर जमा हो जाता है। बारिश के दौरान भी कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन और कामकाज में बाधा आती है। नए ड्रेनेज सिस्टम के बाद पानी की निकासी सुचारू होगी और औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। इससे आवागमन भी सुगम होगा और रीको एरिया में गंदगी से भी निजात मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त रीको एरिया में सीसी सड़क निर्माण के बाद कई जगहों पर कटे हुए रोड बर्म को नया बनाया जाएगा और इंटरलॉकिंग की जाएगी। इससे भारी वाहनों, ट्रकों और लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट की आवाजाही आसान होगी। क्षेत्र में मौजूद पार्कों में बैठने की व्यवस्था, पाथवे और लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। रीको अधिकारियों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने का मकसद नए उद्योगों को आकर्षित करना और मौजूदा उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वर्तमान में रीको इंडस्ट्रियल एरिया बारां में लॉजिस्टिक प्लॉट, औद्योगिक भूखंड और 150 वर्गमीटर के छोटे प्लॉट उपलब्ध हैं। आधारभूत ढांचे के मजबूत होने के बाद इन प्लॉट्स पर नए उद्योगों की स्थापना की संभावना भी बढ़ जाएगी। रीको के महाप्रबंधक मनोज जैन ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित रीको एरिया को करीब साढ़े 10.50 करोड़ रुपए से अपग्रेड किया जाएगा। इसके तहत यहां ड्रेनेज सिस्टम, रोड बर्म कट, इंटरलॉकिंग समेत विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


