बारात से लौटते वक्त रास्ता रोका, गाड़ी में तोड़फोड़, मारपीट भी की, अपराध दर्ज

भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया थाना क्षेत्र के छितापार में एक बाराती गाड़ी का रास्ता रोक कर तोड़फोड़ की गई। गाड़ी में सवार लोगों से मारपीट भी की गई। घटना 7 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है। पीड़ित किशुनगढ़ निवासी आकाश चंद्राकर ने थाने में शिकायत दी कि 6 अप्रैल को उसने अपनी होंडा अमेज कार गांव के मिश्री चंद्राकर की शादी में बारात ले जाने के लिए किराए पर दी थी। गाड़ी उसका साला सुभाष चंद्राकर चला रहा था। बारात 6 अप्रैल को निकली थी। 7 अप्रैल की रात करीब 11 बजे बारात छितापार से लौट रही थी। स्कॉर्पियो में कुछ बाराती बैठे थे। होंडा अमेज पीछे चल रही थी। रास्ते में केसलमरा निवासी उत्तम चंद्राकर, भूमियापारा निवासी लालू चंद्राकर, किशुनगढ़ निवासी माखन चंद्राकर, विकास चंद्राकर, मुकेश जायसवाल और छितापार निवासी धन्नू चंद्राकर मोटरसाइकिल से आए। इन्होंने स्कॉर्पियो को रोककर ज्यादा धूल उड़ाने की बात कहकर गाली दी। पीछा कर हमला किया इसी दौरान पीछे से आ रही होंडा अमेज कुछ दूरी पर रुकी। यह देखकर भीखम साहू, राजेंद्र साहू, हरिश साहू, दुर्गेश निर्मलकर और दुर्गेश यादव उसमें बैठ गए। ड्राइवर से गाड़ी जल्दी भगाने को कहा। गाड़ी जब पीपरखुटी गांव के पहले पहुंची तब वही आरोपी फिर मोटरसाइकिल से आए। गाड़ी को रोककर मारपीट की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *