भास्कर न्यूज | दाढ़ी बिजली वितरण केंद्र दाढ़ी अंतर्गत लगातार बिजली संकट व अनियमित सप्लाई से ग्रामीण उपभोक्ता परेशान हैं। ग्रामीण अंचल में लगाए ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं हो रही है। खुले में कट आउट बॉक्स अस्त व्यस्त पड़े हुए हैं। इससे कभी भी बड़े हादसे हो सकते हैं। नेशनल हाईवे किनारे बसे ग्राम बेतर में गली लाइट के लिए लगाए कट आउट बॉक्स का ढक्कन गायब है, गांव में कई महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद है। ऐसे ही ट्रांसफार्मर के पास लगाए बॉक्स बेतरतीब पड़े हुए हैं। वहीं क्षेत्र बिजली की समस्या का समाधान में भी काफी देरी की जाती है। अस्थाई कनेक्शन के नाम पर आने वाले आवेदन व नकद राशि कार्यालय के कर्मचारी ले लेते हैं। माह भर बाद कभी कभार किसानों को रसीद दी जाती है। फाइल व नकद राशि कंपनी कार्यालय के कर्मचारियों को किसान सौंप कर सीधे अपना कनेक्शन ट्रांसफार्मर से जोड़ लेते हैं। फिर यही अवैध कनेक्शन हो जाता है, जिससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण लगातार फेल होने लगता है। इससे कंपनी को प्रतिवर्ष लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ता है। बेमेतरा जिले के शहरी क्षेत्र में उप संभाग दाढ़ी स्थित है, जहां पर कंपनी के बड़े अधिकारी कभी कभार दौरा कर पाते हैं। ऐसे बिजली वितरण केंद्र में लोगों के समस्या का समाधान नहीं हो पाता। क्षेत्र के अधिकतर ट्रांसफार्मर ओवरलोड दाढ़ी अंचल के अधिकतर ट्रांसफार्मर ओवरलोड की स्थिति में है। इसके बाद भी अस्थाई कनेक्शन जारी कर दिया जाता है। मेंटेनेंस व मरम्मत के नाम पर कर्मचारियों की कमी बात कर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जबकि उपभोक्ता लगातार मैदानी कर्मचारियों के अलावा दाढ़ी उप संभाग में प्रदेश सहायक यंत्री विमल कुमार साहू को अवगत करा रहे हैं। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्राम बेहतर के निवासी सूरज पटेल ने बताया कि पिछले एक वर्ष से लगातार कट आउट बॉक्स खराब होने की जानकारी दी जा रही। इसके बाद भी बिजली कंपनी द्वारा मरम्मत नहीं किया जा रहा है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका है। इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। हेडक्वार्टर में उपस्थित नहीं रहते कर्मचारी, परेशानी दाढ़ी नगर पंचायत में बिजली कंपनी के उपसंभाग कार्यालय संचालित है। यहां पदस्थ सहायक यंत्री जिला मुख्यालय से कभी कभार ही आना-जाना करते हैं। इसके अलावा कनिष्ठ यात्री का पद लंबे समय से रिक्त है। संविदा के कर्मचारियों के भरोसे ही विद्युत संभाग का कार्यालय संचालित हो रहा है आए दिन बिजली समस्या से दाढ़ी नगर के निवासी परेशान होते है। शहर के नटवर सिंघानिया, बसंत गुप्ता, तुलसीराम साहू, गुनेराम चतुर्वेदी ने बिजली कंपनी के अधिकारियों के मनमानी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हेडक्वार्टर पर उपस्थित रहने की मांग किया है। दिनेश निर्मलकर ने बताया कि लंबे समय से उनके वार्ड में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। शिकायत करने पर भी अधिकारी ध्यान नहीं देते। परेशानी हो रही है। दाढ़ी क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में कई ट्रांसफार्मर के कट आउट बॉक्स खुला हुआ है, जिससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। आसपास के रहवासी इससे भी बॉक्स को व्यवस्थित करने की मांग की है। जहां लोगों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है। कट आउट बॉक्स को बदलना अत्यंत आवश्यक है। ताकि कोई अनहोनी घटना ना हो।


