बारिश में सड़क मरम्मत, उखड़ने लगी नई डामरीकृत सड़क:नेशनल हाईवे की सड़क मरम्मत के नाम पर लीपापोती, बारिश में चलना भी होगा दूभर

अंबिकापुर-गढ़वा नेशनल हाईवे 343 की मरम्मत विभाग ने बारिश शुरू होने के बाद शुरू कराई है। अंबिकापुर के महामाया चौक से रजपुरी तक सड़क मरम्मत एवं दो वर्ष के रख-रखाव के लिए नेशनल हाइवे ने 1.31 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। ठेकेदार द्वारा बरसते पानी में डामरीकरण शुरू कराया गया। बारिश के कारण नई डामरीकृत सड़क उखड़ती जा रही है। इससे कार्य की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। मामले में NH के अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार को दो वर्ष तक मरम्मत एवं रखरखाव का जिम्मा दिया गया है। अंबिकापुर को झारखंड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क नेशनल हाईवे 343 की करीब दो वर्ष से खस्ताहाल स्थिति में है। सड़क पर अनगिनत गड्ढे हैं और सड़क पर चलना भी मुश्किल है। नेशनल हाईवे के नवनिर्माण को मंजूरी दे दी गई है। सड़क बनाने के लिए पेड़ों की कटाई एवं अधिग्रहण का कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। वहीं सड़क की खस्ताहालत के कारण मार्ग से आवागमन दूभर हो गया है। सड़क की मरम्मत एवं दो वर्ष के लिए रख-रखाव का कार्य भी शुरू किया गया है। बारिश में शुरू हुआ मरम्मत का काम
नेशनल हाईवे द्वारा अंबिकापुर के महामाया चौक से रजपुरी तक सड़क मरम्मत के लिए 1.31 करोड़ रुपए स्वीकृत किया गया है। कार्य ठेकेदार को सौंप दिया गया है। सरगुजा में प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई है। ठेकेदार द्वारा बारिश के बीच सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया गया। बारिश के बीच एक दिन पूर्व बने सड़क भी उखड़ने लगी है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है। ईई बोले- दो सालों तक सड़क का रखना होगा दुरुस्त
नेशनल हाईवे के ईई आरडी ताम्बेर ने बताया कि अंबिकापुर से रजपुरी तक सड़क मरम्मत के लिए ठेकेदार को ठेका दिया गया है। दो वर्ष तक सड़क को ठेकेदार को दुरुस्त रखना होगा। रजपुरी से नए बाइपास सड़क प्रस्तावित है। दो वर्ष तक सड़क मरम्मत का कार्य ठेकेदार के जिम्मे होगा। बारिश में सड़क पर चलना होगा दूभर
नेशनल हाईवे के ईई आरडी ताम्बेर ने बताया कि अंबिकापुर से रामानुजगंज के बीच सड़क मरम्मत के लिए तीन प्रस्ताव भेजे गए थे। इनमें अंबिकापुर से रजपुरी के लिए 1.31 करोड़ और बड़कीमहरी से रामानुजगंज तक 2.81 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। रजपुरी से पाढ़ी, पस्ता तक सड़क मरम्मत के लिए 4.25 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है, इसे मंजूरी नहीं मिली है। अंबिकापुर से पाढ़ी तक सड़क की दुर्दशा हो चुकी है। इस मार्ग के मरम्मत की मंजूरी नहीं मिलने से बारिश में मार्ग में चलना भी दूभर हो जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *