छुरीकला | गर्मी के बाद बारिश के सीजन में भी आए दिन फाल्ट आने की समस्या से नगर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। फाल्ट आने पर सुधार कार्य में भी दिनभर का समय लग रहा है। इससे क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं। नगर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बारिश के पहले जरूरी मेंटेनेंस का कार्य भी हुआ है। इस दौरान बिजली आपूर्ति में फाल्ट आने की संभावना के मद्देनजर सुधार कार्य भी कराया। बावजूद इसके बार-बार फाल्ट आने से नगर की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। बुधवार सुबह बिजली गुल होने के बाद देर शाम तक ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर नगर के वार्डों में पीने के पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। क्षेत्र के प्रभावित बिजली उपभोक्ताओं ने कहा कि मेंटेनेंस में लापरवाही का नतीजा है कि बारिश नहीं होने पर भी बिजली आपूर्ति में बाधित हो रही है।


