बालाघाट के धारमारा जंगल में पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़:एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग; पुलिस ने की सर्चिंग तेज

बालाघाट जिले के जंगलों में नक्सलियों की उपस्थिति नए साल में देखी गई है। जिले के लांजी क्षेत्र के देवरबेली चौकी अंतर्गत धारमारा के जंगल में नक्सलियों की सूचना पर पहुंचे हॉकफोर्स के जवानों और नक्सलियों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। यह घटना शनिवार की सुबह लगभग 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। जिसकी जानकारी पुलिस ने मीडिया से 7 घंटे बाद साझा की। पुलिस ने बताया है कि लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत धारमारा के जंगल क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत हॉकफोर्स की टीम, स्पेशल ऑपरेशन में सर्चिंग पर थी। इसी दौरान 10-12 सशस्त्र माओवादियों ने हॉकफोर्स के जवानों को देखकर, उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में हॉकफोर्स की टीम ने जवाबी फायरिंग की। इसके बाद माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। हॉकफोर्स को मिली दैनिक उपयोग की सामग्री पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र सिंह ने बताया कि सशस्त्र माओवादियों की ओर से 15 से 18 राउंड फायरिंग की तो हॉकफोर्स के जवानों ने 10 से 12 राउंड जवाबी फायरिंग की। घटनास्थल से हॉकफोर्स के जवानों ने दैनिक उपयोग की सामग्री और राशन बरामद किया है। इस मामले में लांजी थाना में नक्सलियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्व किया जा रहा है। जंगलों में नक्सलियों की तलाश के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *