बालाघाट में चल रहे ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण कार्य में असामान्य देरी से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरेखा ओवरब्रिज के लिए गौरवपथ से सरेखा तक बन रहा अंडरपास एक वर्ष बाद भी अधूरा पड़ा है। अंडरपास में न केवल शेड का काम अपूर्ण है, बल्कि निर्मित सड़क भी जगह-जगह से उखड़ गई है। अंडरपास में रात के समय बिजली की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सब्जी मंडी की ओर बने पासिंग मार्ग पर सरेखा की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरी तरफ से आने वाले वाहन नजर नहीं आते, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। शाम को लगने वाले सब्जी बाजार से यातायात की समस्या और भी गंभीर हो जाती है। गर्रा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी अत्यंत धीमी गति से चल रहा है, जिससे बारिश से पहले इसके पूरा होने की संभावना कम दिखाई दे रही है। गड्ढे जल्द करेंगे ठीक ठेकेदार के नियुक्त प्रभारी सलीम खान निर्माण कार्य की धीमी गति को स्वीकार नहीं करते। उनका कहना है कि सड़क पर बने गड्ढे जेसीबी के पंजे से बने हैं, जिन्हें जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। स्थिति की गंभीरता यह है कि न तो प्रशासनिक अधिकारी और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या को लेकर गंभीर दिखाई दे रहे हैं। इस लापरवाही के कारण आम नागरिकों को दैनिक यातायात में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्रा ओवरब्रिज निर्माण की गति कम होने पर वह बताते है कि पाइल्स कटिंग के बाद लोड टेस्ट करवाना है, आगामी दो-चार दिन बाद काम प्रारंभ कर दिया जाएगा।


