बालाघाट में खुलेआम शराबखोरी, गंदगी पर सख्ती:पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट लगाने कहा, साफ-सफाई निर्देश

बालाघाट। शहर में सुरक्षा व्यवस्था और जगह-जगह शराबखोरी की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने मंगलवार रात पैदल गश्त की। उन्होंने बैहर रोड से बस स्टैंड तक का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने शराब पी रहे लोगों को फटकार लगाई और ठेला दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। थाना प्रभारी ने अंडा और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेला दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी ठेले के पास या बैठाकर शराब पिलाई गई, तो न केवल संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई होगी, बल्कि उसके ठेले को भी हटा दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान, कोतवाल कामेश धूमकेती ने बस स्टैंड पर गंदगी और वाहनों की धुलाई पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दुकानदारों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने और अपनी दुकानों के आसपास गंदगी न फैलाने की अपील की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बस स्टैंड स्थित खंडेलवाल पेट्रोल पंप का भी दौरा किया। यहां उन्होंने निर्देश दिए कि बिना हेलमेट पहने किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल न दिया जाए। ऐसा पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने बताया कि यह पैदल गश्त आम आदमी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सुरक्षित महसूस कराने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि शहर में शराबखोरी और गंदगी जैसी समस्याओं को रोका जा सके, जिससे शहर स्वच्छ दिखे और नागरिक सुरक्षित महसूस करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *