हरदा हंडिया में एक सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंगलवार रात की है जब हंडिया से घर लौटते 28 वर्षीय गोविंद की बाइक मवेशियों से टकरा गई। हादसे में घायल युवक पूरी रात बेसुध सड़क पर ही पड़ा रहा। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ी, तब जाकर परिजनों को सूचना मिली। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। 10 बजे हुआ हादसा, पूरी रात नहीं मिली मदद जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिंगोन निवासी गोविंद पिता जगदीश केवट मंगलवार रात किसी काम से हंडिया गया था। रात करीब 10 बजे वह बाइक से वापस लौट रहा था। सिंगोन और मालकुंड के बीच सड़क पर बैठे मवेशियों से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक फिसल गई और गोविंद सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में गोविंद के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। रातभर कोई मदद नहीं मिली और वह सड़क पर ही पड़ा रहा। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर बुधवार सुबह खेत जाने के लिए निकली गांव की महिलाओं ने उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन युवक को जिला अस्पताल हरदा लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ. नवीन जैन ने बताया कि सिर में गंभीर चोट की वजह से युवक की हालत नाजुक है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


