बालाघाट जिले की मॉयल नगरी भरवेली के वार्ड क्रमांक 07 में महर्षि कुमरे (23) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मंगलवार रात युवक को घर के कमरे में फांसी पर लटका देखा गया। परिजनों ने तत्काल भरवेली पुलिस को सूचना दी। देर रात होने के कारण पुलिस ने बुधवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। भरवेली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। परिजन भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। मृतक महर्षि कुमरे के पिता श्रीराम कुमरे मॉयल के रिटायर कर्मचारी हैं। बताया जा रहा है कि युवक फिलहाल कोई काम नहीं कर रहा था।


