बालाघाट में सरकारी कर्मचारी से 3.70 लाख की ठगी:पॉलिसी बोनस दिलाने के नाम पर ऑनलाइन फ्रॉड, शिकायत दर्ज

बालाघाट में एक सरकारी कर्मचारी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने पॉलिसी पर बोनस दिलाने के नाम पर उनसे 3 लाख 70 हजार रुपए ठग लिए। पीड़ित ने शनिवार को इसकी शिकायत कोतवाली थाना अंतर्गत संचालित साइबर नोडल थाना में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी में बोनस मिलने का दिया झांसा शिकायतकर्ता कर्मचारी ने बताया कि ठगों ने उन्हें श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस, कोटक लाइफ इंश्योरेंस और भारतीय एक्सा लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी में बोनस मिलने का झांसा दिया। दो अलग-अलग लोगों ने उन्हें फोन कर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। भुगतान करने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। फिलहाल, पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना ने जांच शुरू कर दी है। साइबर नोडल थाना ने लोगों को पॉलिसी संबंधी धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक रहने की सलाह दी है। फोन पर कभी भी पैसे न भेजने की दी चेतावनी साइबर नोडल थाना ने बताया कि यदि कोई कॉल करके पॉलिसी का पैसा दोगुना करने, बोनस दिलाने या मैच्योरिटी जल्दी दिलाने की बात कहे, तो यह 100 प्रतिशत धोखाधड़ी है। किसी भी बीमा कंपनी में पैसे दोगुना करने की कोई योजना नहीं होती। पुलिस ने लोगों को फोन पर कभी भी पैसे न भेजने की चेतावनी दी है। ठग अक्सर ‘चार्ज’, ‘टैक्स’ या ‘फंड रिलीज’ के नाम पर नए अकाउंट नंबर देकर ठगी करते हैं। ओटीपी या केवाईसी लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि ये आपके अकाउंट और पॉलिसी को हैक करने के लिए होते हैं। कॉल पर आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसे दस्तावेज की फोटो कभी न भेजें। पॉलिसी की जानकारी केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर ही जांचें। यदि कोई संदेह हो तो तुरंत रिपोर्ट करें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर मदद लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *