बालाघाट जिले में शासकीय चावल की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। एथेनॉल प्लांट के नाम पर शासकीय चावल महाराष्ट्र भेजे जा रहे थे। सूचना मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे तीन ट्रकों को खैरलांजी क्षेत्र में जब्त कर लिया। यह कार्रवाई एसडीएम के निर्देश पर की गई। वेयरहाउस से निकले थे चार ट्रक जानकारी के अनुसार, लालबर्रा स्थित वेयरहाउस से छिंदवाड़ा जिले के बोरगांव में बने एथेनॉल प्लांट के लिए चार ट्रक शासकीय चावल लेकर रवाना हुए थे। इनमें से तीन ट्रकों को रास्ते में जब्त कर लिया गया, जबकि एक ट्रक प्रशासन की निगरानी से बाहर निकल गया। बोरगांव की जगह गोंदिया जा रहे थे ट्रक जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए तीनों ट्रक गोंदिया (महाराष्ट्र) की ओर जा रहे थे, जबकि एक ट्रक ही बोरगांव की दिशा में गया। प्रत्येक ट्रक में करीब 24 टन शासकीय चावल भरा हुआ था। ट्रक चालक से पूछताछ में पकड़ाई गड़बड़ी वहीं पूछताछ में गोंदिया निवासी ट्रक चालक रोशन पंद्रे ने बताया कि उसे ट्रक खैरी के अर्जुनी तक ले जाना था, जहां से कोई दूसरा चालक ट्रक को आगे ले जाता। इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब चावल बोरगांव एथेनॉल प्लांट के लिए था, तो ट्रकों को महाराष्ट्र के रास्ते पर क्यों भेजा गया। अगर चालक को सही रास्ता नहीं पता था, तो जानकार चालक को साथ क्यों नहीं भेजा गया। चालकों ने बताया कि ट्रक गोंदिया निवासी बंटी भाई के हैं। इस पूरे मामले में चावल का परिवहन करने वाली एजेंसी और एफसीआई से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। एसडीएम ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया मामले को लेकर जब एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।


