भास्कर न्यूज | तमता पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बालाझर अंतर्गत बगलता पारा में विद्युत अव्यवस्था के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर के पास स्थापित मुख्य ट्रांसफार्मर पिछले छह महीनों से खराब पड़ा हुआ है, जिससे पूरे मोहल्ले में लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों के पास न तो पर्याप्त बिजली है और न ही सिंचाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था। स्थानीय निवासी बालेश्वर यादव ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर बारिश के मौसम में जल गया था। इसके बाद बिजली विभाग ने अस्थायी रूप से दूसरे मोहल्ले के ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ दी, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वोल्टेज बेहद कम मिल रहा है। लो-वोल्टेज की वजह से घरों में पंखे और लाइटें ठीक से नहीं चल पा रही हैं, वहीं खेतों में लगे बोर और पानी की मोटरें पूरी तरह बंद पड़ी हैं। इससे किसानों की खेती और आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि रबी फसल का समय चल रहा है, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण वे सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। जिन किसानों ने निजी बोर के सहारे सब्जी और अन्य फसलें लगाई थीं, उनकी मोटरें पिछले छह महीनों से नहीं चल पाई हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिजली की समस्या के साथ-साथ पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। गांव की नल-जल योजना लो-वोल्टेज के कारण पूरी तरह ठप हो चुकी है। ग्रामीणों को मजबूरी में केवल एक सोलर पंप या पुराने कुओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लो-वोल्टेज के चलते इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जलने का खतरा भी बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। बगलता पारा के निवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि रबी सीजन और बच्चों की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। इस संबंध में विद्युत विभाग लुड़ेग के जेई शैलेश भगत ने बताया कि विभाग को समस्या की जानकारी है। खराब ट्रांसफार्मर की सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। नए ट्रांसफार्मर की मांग प्रक्रिया में है और शीघ्र ही बगलता पारा में नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को अब जल्द समाधान की उम्मीद है। बालाझर में ट्रांसफॉर्मर खराब।


