बेनूर | नारायणपुर जिले के कन्या आश्रम छात्रावास फरसगांव में विश्व बालिका दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शनिवार को किरण चतुर्वेदी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव एवं गायत्री साय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के आदेशानुसार आयोजित किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति नारायणपुर के अध्यक्ष हरेंद्रसिंह नाग, अपर सत्र न्यायाधीश एवं प्रतिभा मरकाम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नारायणपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। अधिकार मित्र वर्षा कुमेटी ने बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, निशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय तक पहुंच से संबंधित जानकारी दी। वहीं अधिकार मित्र अर्चना बघेल ने पॉक्सो एक्ट 2012, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा नशामुक्ति अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देकर छात्राओं को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सहायता लेने के उपाय बताए।


