बालोतरा ऑपरेशन अनामिका:डीएसटी व पचपदरा पुलिस ने गाड़ी जब्त कर दो अवैध जिंदा राउंड कारतूस,2 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की

बालोतरा ऑपरेशन अनामिका के तहत की जा रही कार्रवाई के दौरान डीएसटी व पचपदरा पुलिस ने दो राउंड जिंदा कारतूस के साथ फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कार्पियो को जब्त किया। पुलिस को देखकर नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों ने दूदवा चौकी के आगे पुलिस को देखकर वापस पचपदरा की तरफ भागे। इस दौरान पुलिस के पीछा करने पर टायर पंचर होने के बाद दोनों आरोपी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। गाड़ी से दो जिंदा राउंड कारतूस, दो फर्जी नंबर प्लेट मिलने के साथ ही जांच में गाड़ी के चैसिस व इंजन नंबर भी घिसे मिले। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि आरोपी राजस्थान व गुजरात राज्य में प्रवेश करते ही अलग-अलग नंबर प्लेट लगा देते थे, ताकि लोकल वाहन समझकर पुलिस की नजर से बच सके। अनामिका ऑपरेशन के नोडल अधिकारी गोपालसिंह भाटी ने बताया कि रविवार को गश्त के दौरान एक संदिग्ध स्कार्पियो के दूदवा की तरफ जाने की सूचना मिली। इस पर पचपदरा सरहद व दूदवा चौकी के आगे नाकाबंदी करवाई गई। डीएसटी टीम व पचपदरा पुलिस ने संदिग्ध वाहन को आता देखकर रुकवाने की कोशिश की, लेकिन बदमाश वाहन को लेकर दूदवा की तरफ भाग गए। दूदवा चौकी के आगे नाकाबंदी देखकर वापस बागुंडी की तरफ भागे। इस दौरान टीमों के पीछा करने पर स्कार्पियो का टायर पंचर होते ही आरोपी मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग गए। तलाशी लेने पर गाड़ी से दो जिंदा राउंड कारतूस, दो फर्जी नंबर प्लेट मिली। वहीं वाहन के चैसिस व इंजन नंबर की पट्टी तोड़ी हुई व चैसिस नंबर घिसे हुए मिले। कार्रवाई में पचपदरा थानाधिकारी अमराराम खोखर, डीएसटी प्रभारी इमरान खां, एएसआई लक्ष्मणसिंह, साइबर सेल प्रभारी गोमाराम, कांस्टेबल दमाराम, जोगाराम, डीएसटी कांस्टेबल उदयसिंह, उदाराम, नगाराम, भारूराम, अशोक कुमार, जसाराम व रूपाराम शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *