श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल में माघ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को गुप्त नवरात्रा महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अल सुबह मंगला आरती से ही दूर-दराज से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखे। दिनभर मंदिर परिसर ‘जय मां जसोल’ और ‘श्री राणी सा भटियाणी सा की जय’ के जय घोष, शंखध्वनि और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि से गूंजता रहा। गुप्त नवरात्रा के तहत मंदिर परिसर में विशेष वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। विद्वान आचार्यों ने विधिवत दुर्गा सप्तशती पाठ, विशेष पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान लोक-कल्याण, राष्ट्र-कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति के लिए सामूहिक प्रार्थनाएं की गईं। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित श्री राणीसा भटियाणीसा के चरणों में शीश नवाकर मंगल, आरोग्य और उन्नति की कामना की। इस पावन अवसर पर अन्नपूर्णा प्रसादम और छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इसके लाभार्थी गौतम सिंह भाटी रहे, जो मोरध्वज सिंह भाटी के सुपुत्र हैं। वे अड़बाला (जैसलमेर) के निवासी हैं और वर्तमान में आदिनाथ नगर, जोधपुर में रहते हैं। उनके प्रतिष्ठान आयल राज प्रॉपर्टी एंड कंस्ट्रक्शन तथा खम्मा घणी इवेंट्स हैं।


