बालोतरा पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 5 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपी से अन्य जिलों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया- बालोतरा शहर में एक ही रात में दो बाइक चोरी हो गई थीं। पीड़ित पिंटू पुत्र पेमाराम और अशोक कुमार पुत्र बुधाराम ने 16 नवंबर की रात को अपनी बाइक घर के बाहर हैंडल लॉक कर खड़ी की थी। 17 नवंबर की सुबह दोनों बाइक गायब मिलीं, जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदिग्ध अवसार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह योजनाबद्ध तरीके से घरों के बाहर खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था और मौका पाकर उन्हें चुरा लेता था। गिरफ्तार आरोपी अवसार पुत्र इकरामदीन, निवासी तामलियार (थाना रामसर, बाड़मेर) की निशानदेही पर पुलिस ने 5 चोरी की बाइक बरामद की हैं। आरोपी ने बालोतरा सहित अन्य जिलों में भी कई वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।


